विधानसभा चुनावों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार हर बूथ पर मतदाताओं की मदद के लिए मतदाता सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। मतदाताओं की जानकारी और सहायता के लिए एक बुकलेट भी प्रकाशित की गई है। इसका वितरण बीएलओ के माध्यम से घर-घर वोटर स्लिप के साथ किया जाएगा।
तहसील सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने कहा कि इस बार मतदान कार्मिकों की सुविधा के लिए हर मतदान केंद्र में एक बूथ फैसिलिटेटर की नियुक्ति की गई है। बूथ फैसिलिटेटर, मतदान कार्मिकों के रहने और खाने की व्यवस्था के साथ ही बूथ पर बिजली, पानी, शौचालय की व्यवस्था का ध्यान भी रखा जाएगा। पैदल बूथों के लिए मतदान कार्मिकों के सामान को लाने-ले जाने के लिए मजदूरों या घोड़े खच्चरों की व्यवस्था की जा रही है।
दिव्यांग मतदाताओं को बूथों तक ले जाने के लिए स्वयं सेवकों को नियुक्त किया जा रहा है। हर जोनल मजिस्ट्रेट के साथ एक डॉक्टर और सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ एक फार्मासिस्ट की तैनाती की जाएगी। उन्होंने बताया कि चुनावों में चार जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ चार एमबीबीएस डॉक्टर तैनात रहेंगे। जबकि 40 सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ एक-एक फार्मेसिस्ट को तैनात किया गया है। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के वाहनों में जीवन रक्षक दवाइयां मौजूद रहेंगी। किसी भी मतदान कार्मिक को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के वाहन एक तरह से एंबुलेंस का काम भी करेंगे। उन्होंने बताया कि मतदान के दिन स्वास्थ्य विभाग से 55 फार्मेसिस्ट मांगें गए हैं। एसपी सुखवीर सिंह ने बताया कि चुनावों के लिए पुलिस बल की तैनाती कर दी है। आईटीबीपी और होमगार्ड के जवान भी आएंगे। इस मौके पर एडीएम एसएस जंगपांगी, प्रभारी जिला सूचना अधिकारी आरएस परिहार आदि थे।