बागेश्वर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त मतदाता जागरूकता प्रेक्षक हिमानी शरद ने सड़क से दूर बसे गांवों में मतदाताओं को जागरूक करने के प्रयासों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि लोगों को उनकी स्थानीय भाषा में नुक्कड़ नाटकों, मेलों, विभिन्न शिविरों के माध्यम से मतदान के लिए जागरूक करें।
जिले के रोल मॉडल की मौजूदगी में भी 18 वर्ष के मतदाताओं को विधानसभा निर्वाचन में बढ़-चढ़कर कर मतदान के लिए प्रेरित करने और अधिक मतदान के लिए रैलियों के आयोजन के निर्देश दिए। मतदाताओं को नोटा के बारे में भी जानकारी देने को कहा। शिक्षा विभाग को विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान मतदान के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चे अपने अभिभावकों और मतदाताओं को जागरूक कर सकें।
वह जागरूकता प्रभारियों, मीडिया प्रमाणन अनुवीक्षण समिति के प्रभारियों और व्यय प्रभारियों की बैठक ले रही थीं। कलक्ट्रेट सभागार में हिमानी ने एनसीसी और एनएसएस कैडेटों के माध्यम से भी मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने पर बल दिया। मतदान केंद्रों और निर्वाचन के लिए तैनात कार्मिकों, निर्वाचन कार्य के लिए गठित समितियों की जानकारी ली।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम मंगेश घिल्डियाल ने जिले में स्थापित पोलिंग बूथों, जिले में तैनात कार्मिकों, निर्वाचन व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। प्रभारी मीडिया प्रमाणन पूनम चौहान ने प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रकाशित समाचारों, विज्ञापनों के निरीक्षण के बारे में जानकारी दी।
बैठक के बाद उन्होंने कंट्रोल रूम, मीडिया प्रमाणन अनुवीक्षण कक्षों का निरीक्षण किया। कॉल रजिस्टर का अवलोकन कर रोजाना सूचनाओं को समय से प्रेषित करने, इलेक्ट्रॉनिक चैनलों में प्रसारित खबरों को रिकॉर्ड करने के निर्देश दिए। वहां एडीएम एसएस जंगपांगी, सीडीओ एसएसएस पांगती, एसडीएम श्याम सिंह राणा, डीडीओ केएन तिवारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी भाष्करानंद पांडेय, सीईओ आरसी आर्या, डीईओ बेसिक आकाश सारस्वत, दीप चंद्र जोशी आदि थे।