बागेश्वर। नगर में उत्तरायणी मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले के आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए बीते साल की अपेक्षा बदलाव किए जा रहे हैं। मेले के दौरान नुमाइशखेत मैदान में आयोजित होनी वाली बॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन इस बार सरयू बगड़ में किया जाएगा। पालिका की ओर से बगड़ में मैदान तैयार किया जा रहा है।
नगर में बागनाथ मंदिर परिसर से लेकर नुमाइशखेत मैदान तक दीवाराें को पौराणिक महत्व वाले चित्रों से सजाया जा रहा है। पुलों को सजाने के लिए उन पर पेंटिंग की जा रही है। पेंटिंग के बाद पुलों पर लाइट की झालरें लगाई जाएंगी। नगर के तहसील रोड, पिंडारी रोड, कांडा रोड और स्टेशन रोड में सड़क के किनारे साफ-सफाई की जा रही है। सड़क किनारे की दीवारों की रंगाई-पुताई की जा रही है। बाहर से आने वाले व्यापारियों के लिए दुकानों की मार्किंग की जा रही है। वॉलीबाल प्रतियोगिता के लिए सरयू बगड़ में समतलीकरण कर मैदान तैयार किया जा रहा है। नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल स्वयं मेले की तैयारियों का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मेले को भव्य बनाया जाएगा और मेले में शांति व्यवस्था करने का प्रयास किया जा रहा है।