16वीं प्रादेशिक ओपन पुरुष/महिला वॉलीबाल चैंपियनशिप संपन्न हो गई। पुरुष वर्ग में ओएनजीसी और महिला में देहरादून की टीमों ने चैंपियनशिप जीती।
डिग्री कालेज मैदान में चल रही वॉलीबाल प्रतियोगिता में रविवार को फाइनल मुकाबले खेले गए। पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला ओएनजीसी और बीईजी रुड़की टीमों के बीच खेला गया। इस मुकाबले में ओएनजीसी की टीम 3-0 से विजयी रही।
देहरादून और नैनीताल के बीच हुए महिलाओं के वॉलीबाल मुकाबले में देहरादून ने नैनीताल को 2-0 से पराजित कर चैंपियनशिप हासिल की। मैच के रेफरी चंदन, सुखदेव व राजीव गौड़ थे। मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष गीता रावल ने विजेता टीमों को ट्राफी व पुरस्कार प्रदान किए। प्रतियोगिता में राज्य के सभी जिलों के साथ ही उत्तराखंड पुलिस, स्पोर्ट्स कालेज देहरादून, ओएनजीसी और बीईजी रुड़की समेत कुल 25 टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जिला वॉलीबाल संघ के अध्यक्ष गोविंद सिंह मटियानी, सचिव भगवत सिंह डसीला, कोषाध्यक्ष संजय वर्मा, नारायण हरड़िया, अजय चंदोला आदि मौजूद थे।