बागेश्वर। जिले में विश्वकर्मा दिवस धूमधाम से मनाया गया। कारोबारियों ने शनिवार को मशीनों की सफाई करके उनकी पूजा, अर्चना की। मजदूरों ने काम आने वाले औजारों को साफ करके उनकी पूजा की। मजदूरों ने छुट्टी लेकर भगवान विश्वकर्मा की पूजा की।
गोमती पुल पर स्थित स्टील फेब्रीकेेशन, नरेंद्रा स्टील वर्क्स के मालिक नरेंद्र खेतवाल, बागनाथ स्टेशनरी के संचालक दलीप सिंह खेतवाल ने मशीनों की पूजा, अर्चना कर कामगारों को मिठाई बांटी।
वहां कुंवर पाल त्यागी, सुंदर लाल, अखिलेश टम्टा आदि थे। पूजा पं. हेम चंद्र जोशी ने कराई। उधर सूरजकुंड में निर्माणाधीन नगर पंपिंग योजना में पूजा अर्चना की गई। नगर, कपकोट, दुग नाकुरी, कांडा, काफलीगैर तहसीलों और शामा उप तहसील में भी कारोबारियों, मजदूरों ने विश्वकर्मा भगवान की पूजा की।