बागेश्वर। पंडित बीडी पांडेय परिसर के विदाई कार्यक्रम को लेकर एनएसयूआई और अभाविप कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हो गई। घटना में एनएसयूआई का छात्र घायल हो गया। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शनिवार की देर शाम को आरे बाईपास में छात्रों की झड़प हो गई थी। युवकों के हमले में एनएसयूआई कार्यकर्ता प्रेम दानू के सिर में चोट आई। वायरल वीडियो में कुछ युवक उसे पीटते हुए नजर आ रहे हैं।
सिर से बहते खून के साथ प्रेम ने भी एक वीडियो साझा किया है। जिसमें उसने विदाई कार्यक्रम को लेकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। उसके अनुसार रविवार को स्नातक और परास्नातक के अंतिम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के लिए फेयरवेल कार्यक्रम कराया जाना था। जिसे लेकर अभाविप के कार्यकर्ताओं ने उसे धमकी दी और कार्यक्रम नहीं कराने को कहा था। बावजूद इसके कार्यक्रम तय हो गया तो अभाविप के तीन कार्यकर्ताओं ने घर जाते समय उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद एनएसयूआई और कांग्रेस के नेता सोशल मीडिया पर मारपीट के वीडियो को साझा कर रहे हैं।