बागेश्वर में जल संस्थान कार्यालय में प्रदर्शन करते खर्ककानातोली के लोग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जल जीवन मिशन योजना के तहत हर घर को स्वच्छ पेयजल दिए जाने की योजना विवादों को जन्म देने लगी है। कपकोट के खर्ककानातोली के ग्रामीणों ने विभाग की सर्वे और पेयजल संचालन पर सवाल खड़े किए। लोगों ने विभाग पर विषमताओं का आरोप लगाते हुए जल संस्थान कार्यालय में प्रदर्शन कर हर घर जल के लिए अलग से सर्वे कर पेयजल योजना का निर्माण करने की मांग की। कांग्रेस के पूर्व विधायक और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने भी ग्रामीणों की मांग को समर्थन दिया।
खर्ककानातोली के ग्रामीणों ने जल संस्थान परिसर में विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण और पूर्व जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने कहा कि जल जीवन मिशन योजना को लेकर ग्रामीण लंबे समय से सवाल खड़े कर रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि जिन जल स्रोतों से पूर्व में पानी की आपूर्ति की जा रही है, उन स्रोतों से योजना को जोड़ने का कोई औचित्य नहीं है। ऐसे में पानी वितरण से कई लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने गांव के छिड़िया तोक से हुई सर्वे को भी ठेकेदार के हित में लाभकारी बताया।
ग्रामीणों ने बताया कि खर्ककानातोली से कानातोली और तुनियानी में पेयजल की भारी किल्लत है। एक किमी दूर से ग्रामीण पानी ढोकर लाते हैं। लोगों ने बुरसानी स्रोत से इन तोकों के लिए हर घर नल, हर घर जल योजना के तहत पेयजल योजना का निर्माण करने की मांग की। इस मौके पर होशियार सिंह, आनंद सिंह, कैलाश सिंह, त्रिलोक सिंह, भूपाल सिंह, मोहन सिंह, गुमान सिंह आदि मौजूद थे।