भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। भिकियासैंण-मरचूला मोटर मार्ग का निर्माण पुराने सर्वे के आधार पर नहीं किए जाने से नाराज ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जनभावनाओं की अनदेखी हुई तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
शुक्रवार को ग्रामीण तहसील मुख्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भिकियासैंण के सबोली शिव मंदिर से निर्माणाधीन मरचूला सड़क की सर्वे पूर्व में शिवकढोली के नीचे और आमगधेरा तथा दुगोलीबाग गांवों के बीच से हुई थी लेकिन अब सड़क पुरानी सर्वे के अनुसार नहीं काटी जा रही है। जिससे सड़क का लाभ इन गांवों को नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पूर्व सर्वे के अनुसार सड़क नहीं काटी गई तो ग्रामीण अनशन पर बैठ जाएंगे। उन्होंने एसडीएम गौरव चटवाल को ज्ञापन भी सौंपा। इधर उपजिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को समाधान करने के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य दीपक बिष्ट, प्रधान पुष्कर नाथ,प्रकाश चंद्र,लीला बिष्ट,निर्मलादेवी,पुष्पादेवी, मोहनसिंह,मनोज नैनवाल,मोहनगिरी,प्रयाग शर्मा,गुड्डीदेवी,भूपेंद्रकुमार,शंकर सहित कमेडूवा, शिवकढोली, आमगधेरा,बगड़ा,दुगोलीबाग आदि गांवों के ग्रामीण मौजूद थे।