गरुड़(बागेश्वर)। क्षेत्र के सिल्ली गांव में तेंदुए की सक्रियता बढ़ती जा रही है। सीसीटीवी कैमरे में रात करीब 11 बजे तेंदुआ आबादी के बीच एक आवास से लगे रास्ते पर आवाजाही करता कैद हुआ। ग्रामीणों में भय बना हुआ है।
बुधवार की रात करीब 11 बजे अशोक जोशी के आवास के समीप आबादी के बीच रास्ते पर तेंदुए की चहलकदमी सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई। तेंदुए की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण कैलाश जोशी, गणेश पांडेय और गिरीश दूबे घरों से बाहर निकले। तेंदुए को देखकर उनके होश उड़ गए। पूर्व ग्राम प्रधान राजेंद्र खोलिया ने कहा कि ग्रामीण खेतीबाड़ी के कार्यों के सिलसिले में देर रात तक आवाजाही करते हैं। ऐसे में तेंदुए का आबादी के बीच पहुंचना लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने वन विभाग से गांव में नियमित गश्त कराने की मांग की है। वन क्षेत्राधिकारी एमएस गुसाईं ने बताया कि वन विभाग की टीम गांव में गश्त करेगी। उन्होंने ग्रामीणों से बुजुर्गों और बच्चों को अकेले आवाजाही नहीं करने और गांव के रास्तों के आसपास उगी झाड़ियों का कटान करने की अपील की है।