बागेश्वर में सड़क की मांग को लेकर प्रदर्शन करते गणुवासरमोली के लोग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। चौरा-गणुवासरमोली (कांडा) मोटर मार्ग न बनने से आक्रोशित ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने स्वीकृत मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रदर्शन में ग्राम पंचायत पड़ाई, बासतोली, छातीखेत के ग्रामीण शामिल थे।
प्रदर्शन के बाद डीएम विनीत कुमार को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि चौरा से गणुवा सरमोली के लिए एक दशक पहले सड़क स्वीकृत हुई थी लेकिन सड़क निर्माण शुरू नहीं हो सकता है। मोटर मार्ग का कई बार सर्वे हो चुका है। चौरा मुख्य मार्ग पर विभाग ने मोटर मार्ग के नाम से साइन बोर्ड भी लगा दिया था। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क न बनने से लोगों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग पैदल चलने को मजबूर हैं। बीमार और असहाय लोगों को सड़क तक लाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने एक माह के भीतर सड़क का निर्माण कार्य शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रदर्शन में कवींद्र सिंह, मनोज सिंह, प्रताप बिष्ट, लाल सिंह, कमल सिंह, भीम राम, उमेद सिंह, खुशाल सिंह, लक्ष्मण सिंह, किशन सिंह, नंदन सिंह, दिनेश राम आदि थे। संवाद