विकास खंड गरुड़ का एक टैक्सी मालिक अपने वाहन का किराया लेने के लिए पांच साल से दर-दर भटक रहा है। सीएम त्रिवेंद्र रावत को लिखे एक पत्र में वाहन स्वामी किराये का भुगतान 15 दिन के भीतर नहीं होने पर आमरण अनशन करने की बात कही है।
पत्र में वाहन स्वामी प्रमोद कुमार पंत निवासी पासतोली ने कहा कि बागेश्वर के एआरटीओ ने 2013 में उसके वाहन यूके 02 टीए -0209 का अधिगृहण कर आपदा बचाव में चमोली को भेजा था। परिवहन विभाग ने आज तक वाहन के किराये का भुगतान नहीं किया है, जिसके चलते उस पर बैंक का बकाया बढ़ता जा रहा है।
वाहन स्वामी ने बताया कि वह कई बार पूर्व सीएम हरीश रावत और परिवहन आयुक्त देहरादून भी गया, मगर उन्होंने सिर्फ भुगतान करने का आश्वासन ही दिया। भुगतान 15 दिन के अंदर नहीं होने पर प्रमोद ने तहसील मुख्यालय पर आमरण अनशन करने की बात कही। ब्यूरो