दूरसंचार क्षेत्र में क्रांति आने के तमाम दावों के बावजूद कपकोट ब्लाक के सुदूरवर्ती रामगंगा, महरगाड़ घाटी के कई गांव दूरसंचार सेवा से वंचित हैं। संचार सुविधा न होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सांसद अजय टम्टा से क्षेत्र में बीएसएनएल के टावर लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।
रामगंगा घाटी के रातिरकेठी, मल्खाडुंगर्चा, गोगिना, किमू, हाम्टीकापड़ी, लीती, महरगाड़घाटी के लाथी, चुचेर, माजखेत, कनौली, नामतीचेटाबगड़, सुखचौना आदि गांवों को संचार सुविधा से नहीं जोड़ा गया है। टावर की आस में बैठे कई लोगों ने मोबाइल फोन सेट खरीदे लेकिन ये खिलौने बनकर रह गए हैं। उन्होंने बताया कि संचार सेवा से जोड़ने की मांग कई बार की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों ने बताया कि संचार सेवा न होने के कारण इस क्षेत्र में घटने वाली दैवी आपदा की घटनाओं की सूचना भी तहसील मुख्यालय पर समय पर नहीं पहुंच पाती है। समय पर सूचना न पहुंचने पर प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य भी समय पर शुरू नहीं हो पाते।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि घाटी के गांवों को यदि संचार सेवा का शीघ्र लाभ नहीं मिला तो आंदोलन किया जाएगा। चेतावनी देने वालों में पूर्व प्रधान विजयपाल सिंह, रूप सिंह, मोहन सिंह, जसपाल सिंह, हरीश चंद्र, सुंदर कोश्यारी, श्याम सिंह, पुष्पा देवी, कविता, पार्वती, जयमती, सुंदरी, रमेश राम, शिव प्रसाद, राजेंद्र सिंह आदि शामिल हैं।