बागेश्वर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत खसरा और रुबेला उन्मूलन के लिए विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। तीन चरण में चलने वाले टीकाकरण सप्ताह का शुभारंभ 21 जुलाई से होगा।
डीएम ने सभी विभागों से समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने को कहा। बृहस्पतिवार को जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में सीएमओ डॉ. कुमार आदित्य तिवारी ने बताया कि विशेष टीकाकरण अभियान का पहला चरण 29 जुलाई तक चलेगा।
दूसरा चरण 19 से 29 अगस्त और तीसरा चरण 18 से 29 सितंबर तक चलाया जाएगा। तीनों चरण में टीकाकरण से वंचित 251 बच्चों को टीके लगाए जाएंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2026 तक मीजल्स और रुबेला का पूर्ण उन्मूलन करना है।
बैठक में एडीएम एनएस नबियाल, डीडीओ संगीता आर्या, अनुपमा ह्यांकी, डीईओ विनय कुमार आर्या आदि मौजूद रहे।