बागेश्वर में 14 जनवरी को होगा ऐतिहासिक उत्तरायणी मेले का आगाज
बागेश्वर। बागेश्वर का ऐतिहासिक, धार्मिक उत्तरायणी मेला 14 जनवरी से होगा। इस बार सरयू बगड़ में मेले की दुकानें नहीं लगेंगी। सरयू बगड़ में दुकानें लगाने के खिलाफ हाईकोर्ट में दायर याचिका के चलते यह फैसला लिया गया है।
बुधवार को डीएम अनुराधा पाल की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में मेले की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। बताया कि सात दिनी मेले का शुभारंभ 14 जनवरी को और समापन 20 को होगा। डीएम ने उच्च न्यायालय में मामला लंबित होने के कारण सरयू बगड़ में लगने वाली दुकानों को अन्यत्र लगाने के लिए सुझाव लिए। डीएम ने मेले को शांतिपूर्वक और सुंदर ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी का सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान बागनाथ मंदिर की सजावट पुष्पों से की जायेगी। भवनों के साथ ही पुलों को बिजली की मालाओं से सजाया जाएगा। कहा कि मेले में स्थानीय कलाकारों को पारंपरिक विधाओं को उजागर करने का मौका मिलना चाहिए। झोड़ा, चांचरी, छपेली, स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी प्राथमिकता के साथ होगा। आयोजनस्थल नुमाईशखेत मैदान में सरकारी विभागों और महिला समूहों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
बैठक में मौजूद राज्य स्तरीय पीएमजीएसवाई अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट ने उत्तरायणी मेले को भव्य बनाने के लिए सभी के सहयोग की अपेक्षा की। बजट की उपलब्धता के हिसाब से बाहरी कलाकारों को बुलाया जाएगा। बैठक में विधायक बसंती देव जिला पंचायत उपाध्यक्ष नवीन परिहार, एसपी अक्षय कोंडे, सीडीओ आरसी तिवारी, एसडीएम अनुराग आर्या, पूर्व पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल, वृक्ष प्रेमी किशन सिंह मलड़ा, व्यापार संघ अध्यक्ष कवि जोशी, व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री हरीश सोनी, जयंत भाकुनी थे।
एसडीएम सदर मोनिका होंगी मेलाधिकारी
बागेश्वर। एसडीएम सदर मोनिका को मेलाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। मेलाधिकारी ने कहा कि मेला अवधि में कपकोट-भराड़ी और रीमा के लिए संचालित होने वाले वाहन पिंडारी मोटर मार्ग स्थित टैक्सी स्टैंड से, कांडा की ओर जाने-आने वाले वाहन मंडलसेरा बाईपास से और गरुड़ को जाने वाले वाहन बस स्टैंड से, ताकुला की ओर जाने वाले वाहनों का संचालन ताकुला मोटर मार्ग पेट्रोल पंप तिराहे से होता रहा है। पूर्व की भांति यातायात व्यवस्था संचालित की जाएगी। झांकियों के संचालन के समय वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। संवाद
साफ-सफाई के दिए निर्देश
बागेश्वर। जिलाधिकारी ने सफार्श व्यवस्था पर चर्चा करते हुए ईओ नगरपालिका के साथ ही ईई लोनिवि, ईई सिंचाई और ईई एनएच को मेला शुरू होने से पूर्व सड़कों, नालियों, नदर की गलियों, मेला क्षेत्र, नदी तट, घाट ,मंदिर परिसरों की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। ईई लोनिवि और सिंचाई को नदी के तटबंधों की सफाई, रंगरोगन और रैलिंग बनाने के निर्देश दिये। डीएम ने पेयजल व्यवस्था सुचारु रखने के लिए जलसंस्थान ईई को निर्देश दिए।
सरयू और गोमती में बनेगा एक-एक अस्थायी पुल
बागेश्वर। मेले की बैठक में मेला अवधि में आवागमन के लिए सरयू और गोमती नदी में एक-एक अस्थायी पुल का निर्माण करने पर सहमती बनी, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। संवाद
सेना का बैंड होगा आकर्षण
बागेश्वर। डीएम ने मेले में सेना के बैंड का प्रदर्शन करने के लिए सैनिक कल्याण अधिकारी को कुमाऊं रेजीमेंटल सेंटर से रानीखेत से पत्राचार करने के निर्देश दिए। कहा कि इससे मेले का आकर्षण बढ़ेगा। संवाद