अगले महीने नगर और कपकोट में कुमाऊं का सुप्रसिद्ध उत्तरायणी मेला आयोजित होने जा रहा है। दूसरी ओर बागेश्वर-पिंडारी सड़क पर बारिश से कई जगह पर आया मलबा अभी तक नहीं हटाया जा सका है। मलबा नहीं हटने से सड़क पर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। कपकोट के विधायक बलवंत भौर्याल ने सड़क का मुआयना करके लोनिवि को मलबा शीघ्र हटवाने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि पिंडारी सड़क के अनर्सा पुल से रातब्यांण तक कई जगह बारिश और पहाड़ी कटान के चलते मलबा आ गया था। मलबे से सड़क काफी संकरी हो गई है। क्षेत्र के लोग मलबा हटाने के लिए लोनिवि और सड़क कटान पर लगे ठेकेदार को कई बार कह चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है।
अगले महीने नगर और कपकोट में उत्तरायणी का मेला लगेगा। बुधवार को कपकोट के विधायक भौर्याल ने सड़क का मुआयना किया। उन्होंने लोनिवि को सड़क से मलबा हटाने के लिए शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। वहां पूर्व जिपं अध्यक्ष और भाजपा जिला महामंत्री सुरेश कांडपाल आदि थे।