बागेश्वर। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में उपनल के माध्यम से नियुक्त कर्मचारियों ने विभागीय संविदा पर नियुक्त करने की मांग की है। अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है। कर्मचारियों ने जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कार्यालय में पत्र सौंपा। बताया कि वह लोग वर्ष 2004 से सैनिक कल्याण कार्यालय में उपनल से संविदा पर तैनात हैं लेकिन विभागीय संविदा पर तैनाती देने की मांग पूरी नहीं की जा रही है। इस भेदभाव के कारण कार्यालय में तैनात कर्मचारियों को सातवें वेतनमान का लाभ नहीं दिया गया। इसके विरोध में कर्मचारियों ने जुलाई में तीन दिन कार्य बहिष्कार किया था। निदेशालय ने दो महीने में मांगों पर कार्यवाही का आश्वासन दिया था लेकिन छह महीने बाद भी मांगों पर कार्यवाही नहीं की गई है। कहा है कि मांग पूरी न होने पर एक जनवरी से बेमियादी कार्य बहिष्कार किया जाएगा। पत्र में आरसी तिवारी, जगदीश सिंह, नरेंद्र सिंह दफौटी, मनोज कुमार, सोबन सिंह बिष्ट, दीप चंद्र बिष्ट, चंद्रशेखर दूबे, मोहन चंद्र पंत, महेश राम, कमला तिवारी आदि के हस्ताक्षर हैं।