बागेश्वर। चार दिन से जारी केमू की हड़ताल से जहां आम यात्री खासे परेशान रहे, वहीं इससे रोज रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण करने वाले रिक्शा चालक बेरोजगार जैसे हो गए। बसों का संचालन ठप होने से रिक्शा चालक दिन में 50-60 रुपये भी नहीं कमा पाए।
केमू की हड़ताल से बागेश्वर जिले में यात्रियों को तो दिक्कतें उठानी पड़ी। इससे नगर में संचालित होने वाले रिक्शा चालकों की आजीविका भी प्रभावित रही। नगर में लगभग एक दर्जन रिक्शे चलते हैं। यह रिक्शे चालक पूरी तरह से केमू की बसों पर ही निर्भर हैं। सभी रिक्शों का संचालन केमू स्टेशन से तहसील रोड में होता है। किसी रिक्शा चालक को यात्री तो किसी को बसों से लगेज पहुंचाने का काम दिन भर मिलता है।
लेकिन पिछले चार दिनों से केमू की हड़ताल के कारण बस स्टेशन सूनसान पड़ा रहा। ऐसे में रिक्शा चालक बेरोजगार से हो गए । रिक्शा चालक किशन कुमार समेत कई लोगों ने बताया कि केमू बसों का संचालन बंद होने से पिछले चार दिनों में वह सौ रुपये रोज भी नहीं कमा पाए।
धरमघर निवासी तिलराम ने बताया कि केमू की हड़ताल के कारण लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ी। कमेड़ी देवी निवासी हेम सिंह का कहना है कि केमू की हड़ताल से उन्हें घर जाने के लिए वाहन नहीं मिल पाया।