कपकोट के कुंवारी गांव में आपदा प्रभावितों को विस्थापित भूमि के दस्तावेज देते विधायक और अन्य। सं
बागेश्वर। विधायक सुरेश गढि़या ने कपकोट विधानसभा के गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान ग्रामीणों का विभिन्न विकास कार्याें की सौगात देकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने डेढ़ करोड़ से बनने वाली विद्युत लाइन के निर्माण का शिलान्यास भी किया।
बृहस्पतिवार को कुंवारी गांव पहुंचे विधायक सुरेश गढि़या का ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। उन्होंने यहां 54 आपदा प्रभावित ग्रामीणों को विस्थापन के लिए भूमि के पट्टे दिए। उन्होंने कहा कि सरकार आपदा प्रभावितों के साथ है। उनको भविष्य में हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने कुंवारी गांव के ग्रामीणों को 24 घंटे बिजली मुहैया कराने के लिए 1.50 करोड़ की लागत से बनने वाली ऊर्जा निगम की विद्युत लाइन का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि विद्युत लाइन बनने से ग्रामीणों को 24 घंटे बिजली मिलेगी। विधायक ने गांव के लिए निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्माण करने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम एनएस नबियाल, पीएमजीएसवाई के ईई अंबरीश रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश जोशी, प्रताप कठायत, चंद्र सिंह कपकोटी, दीवान सिंह दानू, कुंवर सिंह, भूपाल सिंह, पुष्कर सिंह, भूपेंद्र दानू, हिम्मती देवी मौजूद रहे।