बागेश्वर। जिला अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट के सीएमएस बनते ही जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहे हैं। अल्ट्रासाउंड कक्ष के दरवाजे पर ताला लटक गया है। बंद दरवाजे पर नोटिस चस्पा कर दिया गया है, जिसमें लिखा गया है कि रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती होने तक अल्ट्रासाउंड बंद रहेगा।
बीते सोमवार को जिला अस्पताल में तैनात रेडियालॉजिस्ट डॉ. ललित सिंह टोलिया की जिला अस्पताल के मुख्य जिलाचिकित्सा अधीक्षक पद पर तैनाती कर दी गई। उनके सीएमएस बनते ही अस्पताल में अल्ट्रासाउंड होने बंद हो गए हैं। मंगलवार को जिला चिकित्सालय में गर्भवती महिलाओं के साथ ही दूर-दराज से लोग अल्ट्रासाउंड कराने के लिए आए थे, जिन्हें निराश लौटना पड़ा। जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड न होने से आम मरीजों को तो दिक्कत आएगी ही, गर्भवती महिलाओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।