बागेश्वर। रुनीखेत-खोली अमतौड़ा मोटर मार्ग निर्माण में कटी जमीन का दो साल बाद भी किसानों को मुआवजा नहीं दिया गया है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने शीघ्र मुआवजा नहीं देने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। दो साल पूर्व अमतौड़ा होते हुए रुनीखेत के लिए सड़क कटी थी। जिसमें खोली और अमतौड़ा के लगभग दो सौ परिवारों की सैकड़ों नाली भूमि कट गई थी।
उपजाऊ भूमि कटने के साथ ही ग्रामीणों के फलदार पेड़ भी उखड़ गए थे। लोक निर्माण विभाग द्वारा उस समय मुआवजा देने की बात कही गई थी, लेकिन सड़क निर्माण के दो साल बाद भी ग्रामीणों को मुआवजा नहीं मिला है। खोली के ग्राम प्रधान कुंवर सिंह परिहार और अमतौड़ा के कुंदन सिंह बिष्ट ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर मुआवजे की मांग उठाई है।
उनका कहना है कि यदि विभाग शीघ्र जमीन का मुआवजा नहीं देता है तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर पूरन चंद्र कांडपाल, कुंदन सिंह, चंदन सिंह परिहार, हरीश बिष्ट, जुगल कांडपाल, मोहन सिंह, दीवान सिंह, आनंद कांडपाल, राम सिंह, बलवंत सिंह आदि मौजूद थे।