गरुड़/बागेश्वर। बैजनाथ पुलिस ने अवैध रूप से लाई जा रही शराब की 80 पेटियां जब्त की हैं। मामले में हरियाणा निवासी दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
रविवार रात बैजनाथ के एसओ कैलाश सिंह बिष्ट ने टीम के साथ पिकप (यूपी13बीटी4726) की चेकिंग कर उससे अंग्रेजी शराब की 80 पेटियां बरामद कीं। पिकप में सवार लोग से शराब से संबंधित कागजात नहीं दिखा पाए। इस पर पुलिस ने झज्जर हरियाणा के मोहल्ला शास्त्रीनगर बहादुरगढ़ निवासी राहुल और वहीं के मोहल्ला नरसिंहनगर निवासी जीतपाल को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि वह शराब को ग्वालदम बेचने जा रहे थे। शराब की कीमत करीब 3.20 लाख रुपये आंकी गई है। एसपी ने टीम को एक हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। टीम में कांस्टेबल जीवन चंद्र पांडे, राजेश भट्ट, प्रदीप बजेली, बसंत लाल, दीपक बिष्ट, नवीन सिंह आदि थे। ब्यूरो