बागेश्वर नगर और आसपास पेयजल की समस्या के समाधान दो नई पेयजल योजनाएं बनेंगी। जलनिगम इन नई योजनाओं को अमलीजामा पहनाने की कसरत में जुटा है। इनमें से नई मंडलसेरा योजना का प्रस्ताव मुख्यालय को भेज दिया है। दूसरी जखेड़ा-कठायतबाड़ा योजना का प्रस्ताव तैैयार करने की कार्यवाही चल रही है।
बागेश्वर नगर और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल समस्या गहराती जा रही है। मंडलसेरा और कठायतबाड़ा सबसे समस्याग्रस्त क्षेत्रों में हैं। यहां आए दिन पानी की किल्लत बनी रहती है। प्रशासन को अक्सर लोगों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है।
बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने जल संस्थान और निगम के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में पेयजल निगम के ईई ने बताया कि मंडलसेरा में पेयजल आपूर्ति के लिए 12.83 लाख की योजना का प्रस्ताव भेजा गया है। जखेड़ा से कठायतबाड़ा ग्राम समूह पेयजल योजना का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। बैठक में क्षतिग्रस्त लाइनों के पुनर्गठन के प्रस्ताव भी तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीडीओ एसएस पांगती, एडीएम राहुल गोयल, जल संस्थान ईई नंद किशोर, पेयजल निगम के पीसी गंगवार आदि थे।
बागेश्वर नगर में संचालित पेयजल योजनाएं
बागेश्वर नगरी पेयजल योजना, बागेश्वर नगरीय अमसरकोट पेजयल योजना, कठायतबाड़ा ग्राम समूह पेयजल योजना , कठायतबाड़ा पंपिंग पेयजल योजना, बिलौनासेरा पेयजल योजना, मजियाखेत पेयजल योजना, बानरीदेवी मण्डलसेरा पेयजल योजना।