कपकोट/बागेश्वर। सेना में भर्ती कराने के नाम पर बिचौलिए ने दो लाख रुपये ठग लिए। शनिवार को कपकोट थाने में मामले की तहरीर दी गई। पुलिस ने एसपी प्रीति प्रियदर्शिनी के आदेश पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कपकोट निवासी विवेक साह की पत्नी कमला साह ने शनिवार को कपकोट थाने में तहरीर दी। बताया कि उनका बेटा परख साह वर्ष 2018 में होटल मैनेजमेंट का कोर्स करने देहरादून गया था। तभी कुछ समय बाद उनके बेटे से मकान मालिक के माध्यम से जिला देहरादून के ग्राम बल्लीपुर निवासी हरीश नेगी की मुलाकात हुई। इसी दौरान आरोपी ने खुद को पूर्व सैनिक बताकर परख को सेना में भर्ती कराने का झांसा दिया। इसके लिए उसने परख से दो लाख रुपये मांगे। उन्होंने बताया कि बेटे को रोजगार मिलने की आस में उन्होंने विश्वास कर लिया और फरवरी 2018 में हरीश को दो लाख रुपये दे दिए, लेकिन एक साल भर बाद भी जब परख को नौकरी नहीं मिली तो। माता-पिता ने पैसे वापस मांगने के लिए आरोपी के फोन पर कॉल किया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी पर कई अन्य युवाओं को भी ठगने का आरोप है। कपकोट थाना पुलिस ने धारा 420, 506 के तहत नामजद रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।