कार और बाइक में आग लगाने वाले निकले नाबालिग छात्र, पुलिस ने विधि विवादित दो किशोरों को लिया संरक्षण में
कपकोट(बागेश्वर)। कपकोट क्षेत्र के बड़ेत ग्राम पंचायत में कार और बाइक को आग को हवाले करने के मामले में पुलिस ने दो विधि विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे रात में बाइक से तेल चोरी का प्रयास कर रहे थे। जैसे ही उन्होंने लाइटर जलाया तो मोटरसाइकिल में आग लग गई और मौके से भाग गए। पुलिस ने दोनों को काउंसिलिंग के लिए बाल कल्याण समिति भेज दिया है। इनमें एक 10वीं और एक 12वीं का छात्र बताया जा रहा है।
आठ मई को डोडिना रीठाबगड़ निवास मोहन सिंह ने थाने में तहरीर दी थी। इसमें बताया कि सात मई को कार संख्या यूके 02 6278 और उसके बगल में बाइक संख्या यूके 04बी 8308 घर के नीचे सड़क किनारे पार्क की गईं थीं। किसी अज्ञात व्यक्ति ने दोनों वाहन जला दिए। तहरीर के आधार पर थाना कपकोट में धारा 326 (एफ) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने इस मामले में 17 वर्ष और 16 वर्ष के किशोर को संरक्षण में लिया है।