फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bageshwar News: भारी बारिश से दो मकान क्षतिग्रस्त, तीन बकरियां बहीं

Sun, 29 Jun 2025 11:26 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बागेश्वर
विज्ञापन
बागेश्वर में भारी बारिश के बाद उफान पर सरयू और गोमती नदी। संवाद
विज्ञापन
बागेश्वर। जिले में लगातार हो रही बारिश के दौरान दो मकान क्षतिग्रस्त हो गए, तीन घरों के आंगन को नुकसान हुआ है। गधेरे का जलस्तर बढ़ने से तीन बकरियां बह गई हैं। भारी बारिश के चलते सरयू और गोमती नदियां उफान पर हैं।
विज्ञापन

शुक्रवार से जारी बारिश का दौर शनिवार की दोपहर तक चलता रहा। इस दौरान बागेश्वर विकासखंड में 78 मिमी, कपकोट में 42 मिमी और गरुड़ में 29 मिमी बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के दौरान काफलीगैर तहसील क्षेत्र के सिमस्यारी गांव में ममता देवी पत्नी सुरेश चंद्र और कपकोट के उतरौड़ा में चंद्रशेखर जोशी पुत्र रमेश चंद्र के आवासीय मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।
गरुड़ तहसील क्षेत्र के जखेड़ा निवासी प्रकाश चंद्र मिश्रा पुत्र पूरन चंद्र, गनीगांव निवासी मंगल सिंह पुत्र गोपाल सिंह और द्यौनाई निवासी शंकर सिंह पुत्र जवाहर सिंह के घरों के आंगन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। दाडि़मखेत निवासी आनंद सिंह पुत्र पद्म सिंह की तीन बकरियां किरमोड़िया नाले में बह गईं। बारिश जारी रहने से सरयू और गोमती नदियां का जलस्तर बढ़ा हुआ है। सरयू नदी 867 मीटर और गोमती नदी 863.70 मीटर पर बह रही हैं।
विज्ञापन


इनसेट
पालिकाध्यक्ष, एसडीएम ने किया निरीक्षण
बागेश्वर। मंडलसेरा में हुए जलभराव से परेशान लोगों की सुध लेने के लिए नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल और एसडीएम प्रियंका रानी स्थलीय निरीक्षण पर गए। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि टाइली लगाने के चलते सड़क की ऊंचाई खेतों से अधिक हो गई है, जिसके कारण सड़क से बहने वाला पानी अब खेतों और घरों में घुस रहा है। प्रशासन की टीम के साथ मौके पर जाकर निरीक्षण किया। सड़क से निकास मार्ग बनाकर पानी की निकासी की व्यवस्था की गई।

इनसेट
टापू में फंसे गोवंश को निकाला
गरुड़। बैजनाथ स्थित गौशाला में रखे गए पशु रविवार की शाम को गोमती नदी के किनारे टापू पर चले गए थे। इसी दौरान गोमती और गरुड़ गंगा नदी का जलस्तर बढ़ गया। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष प्रताप नगरकोटी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर जाकर गोशाला प्रबंधक व कर्मचारियों की सहायता से पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान पुलिस ने नदियों के किनारे रहने वालों को अलर्ट भी किया।

इनसेट
दमकल की टीम बनी सहारा
बागेश्वर। कठायत बाड़ा डिग्री कॉलेज समीप रमेश सिंह कालाकोटी, तारा सिंह सोरागी और मंडलसेरा पीपल चौक के पास राजेन्द्र प्रसाद के आवासीय मकान और आंगन में भारी मात्रा में पानी भर गया। सूचना के बाद पहुंची दमकल विभाग की टीम ने जल निकासी करवाई।

इनसेट
मकान टूटने का वीडियो वायरल
बागेश्वर। भनार के पांखू तोक में मकान टूटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। विगत शनिवार को नरेंद्र सिंह के घर का आंगन क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान एक मकान का कुछ हिस्सा भी टूट गया। मकान के धीरे-धीरे टूटकर नीचे की ओर खिकसने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इनसेट
रेडक्राॅस बनी मददगार
बागेश्वर। आपदा की घड़ी में रेडक्रॉस समिति प्रभावितों की तत्परता से मदद कर रही है। उतरौड़ा में चंद्रशेखर जोशी को टीम ने तत्काल घर जाकर मदद की। जिला सचिव आलोक पांडेय ने बताया कि आपदा में जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हो रहे हैं, सभी लोगों तक मदद पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें