बागेश्वर। जिले में हो रही मानसूनी बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। भारी बारिश से बागेश्वर और कपकोट विकास खंड में दो मकान क्षतिग्रस्त हो गए और तीन मवेशियों की मौत हो गई है। बारिश के चलते कई आवासीय घरों को खतरा भी पैदा हो गया है।
सोमवार को खूना निवासी दलीप राम का आवासीय मकान तेज बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया। संयोग से घर में रहने वाले सभी छह लोग सुरक्षित हैं। प्रशासन की टीम ने गांव जाकर नुकसान का मौका मुआयना कर लिया है। वहीं कपकोट तहसील में कर्मी गांव के किमगैर तोक के लाल सिंह का आवासीय घर भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में दबने से एक दुधारू भैंस, एक दुधारू गाय और एक बछड़े की मौत हो गई।
कपकोट क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से सरण गांव के रंजीत सिंह कठायत और प्रवीण सिंह के मकान में भी मलबा घुस गया। प्रभावित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का आंकलन कर सहायता प्रदान करने की मांग की है। इधर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने कहा कि बारिश से ध्वस्त मकानों का निरीक्षण कर नुकसान की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इसके आधार पर प्रभावितों को सहायता प्रदान की जाएगी।
आठ सड़कों पर आवाजाही बाधित, 40 हजार की आबादी परेशान
बागेश्वर। सोमवार को बागेश्वर जिले में आठ ग्रामीण सड़कों में यातायात बाधित रहा। इनमें से दो सड़कें रविवार से बंद हैं। सड़कों के बंद होने से करीब 40 हजार की आबादी प्रभावित रही। लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जिला आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को सूपी मोटर मार्ग मलबा गिरने से बाधित हो गया। शामा-गोगिना सड़क पर दो स्थानों पर मलबा गिरा है। रिखाड़ी-वाछम सड़क में भी दो स्थानों पर मलबा गिरा है। तोली, धरमघर-माजखेत और भनार सड़क पर एक स्थान पर मलबा गिरा है। कपकोट-कर्मी और बघर मोटर मार्ग रविवार से बंद पड़े हैं। इन दोनों सड़कों कई स्थानों पर मलबा गिरा है। सड़कों के बंद होने से लोगों को कई किमी पैदल चलना पड़ रहा है। बताया गया है कि सड़कों से मलबा हटाने का काम चल रहा है। जिले में सभी राज्य मार्ग और राष्ट्रीय राजमार्ग खुले हैं।
बैजनाथ बैराज के सभी गेट खोले
गरुड़ (बागेश्वर)। तहसील क्षेत्र में चौबीस घंटे से झमाझम बारिश हो रही है। बारिश से गरुड़ गंगा और गोमती नदी का जल स्तर बढ़ गया है। सिंचाई विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर रविवार रात बैजनाथ बैराज के सभी गेट खोल दिए हैं।
अनवरत बारिश से मेलाडुंगरी, चौरसों, थाकला, देवनाई, अयारतोली, आगर मटे, तिलसारी, पाये, सिल्ली पप्या, कौसानी, लौबांज आदि गांवों में संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं। बारिश से गरुड़ कपकोटी, गागरीगोल चनोली, पांडे खरक, राज मार्ग बैजनाथ कौसानी में जगह-जगह पर मलबा आ गया है।