बागेश्वर। जिले में मानसूनी बारिश के दौरान दो आवासीय मकान और एक गोशाला क्षतिग्रस्त हो गए। बारिश के दौरान नौ सड़कों पर भूस्खलन और पेड़ गिरने के कारण यातायात बाधित हो गया था। शाम तक सात सड़कों पर आवाजाही सुचारू करा दी गई है।
मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक बारिश होती रही। इस दौरान कपकोट विकासखंड में सर्वाधिक 51 मिमी बारिश दर्ज की गई। बागेश्वर में 13 और गरुड़ में दो मिमी बारिश हुई। बारिश के चलते सरयू नदी का जलस्तर भी बढ़ गया था। भारी बारिश से कपकोट के पोथिंग निवासी चंदन सिंह पुत्र रतन सिंह, नवीन चंद्र पुत्र राजेंद्र के आवासीय मकान और दरवान सिंह पुत्र लछम सिंह के मकान का आंगन क्षतिग्रस्त हो गया। गुलम परगढ़ दीवान राम पुत्र धनी राम की गोशाला क्षतिग्रस्त हो गई।
जिला आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बागेश्वर-गिरेछीना, अमसरकोट-सातरतबे, चीराबगड़-पोथिंग, बड़ेत, ढालन-खुनौली, कमेड़ीदेवी-भैसुड़ी, रिखाड़ी-वाछम, विनायक धार, जखेड़ा बैंड मोटर मार्ग पर यातायात बाधित हो गया था। पूरे दिन सड़कों को खोलने का काम चला। सड़क महकमे ने जेसीबी के माध्यम से मलबा हटाया। जिन सड़कों पर पेड़ गिरे थे, वहां फायर सर्विस की टीम ने भी मदद की। वर्तमान में विनायक सड़क बंद है। काफलीकमेड़ा सड़क पर पहले से यातायात बाधित है।
कोट
बारिश के दौरान होने वाले नुकसान का राजस्व विभाग की टीम मौके पर जाकर जायजा ले रही है। बंद सड़कों को खोलने का काम भी त्वरित गति से चल रहा है। शेष सड़क भी जल्द खुल जाएगी। - शिखा सुयाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, बागेश्वर