बागेश्वर। बीते चार जुलाई को तहसील परिसर में स्थित सरकारी आवास से हुई चोरी का कोतवाली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
वादी ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि 28 जून को किसी अज्ञात चोर ने उनके सरकारी आवास का ताला तोड़कर घर में रखे 10 हजार रुपये की नकदी चुरा ली है। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ धारा 305ए/331(4) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गयी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी चंद्रशेखर आर घोड़के ने आरोपियों की तलाशी के लिए टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। गठित टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच और लोगों से पूछताछ के आधार पर टीम ने पंकज कुमार उर्फ अनार(20) निवासी भतरौला और शिवम कुमार उर्फ बंटी (19) निवासी बागनाथ वार्ड को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ 317(2)/3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया।
आरोपी पंकज कुमार के खिलाफ इससे पूर्व धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में दो बार और धारा 457/380/411 में केस दर्ज है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए हुए पांच हजार रुपये नकद और चोरी के लिए प्रयुक्त लोहे की सरिया और टूटा हुआ ताला भी उनके कब्जे से बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।