बागेश्वर। नगर की मुख्य सड़कों पर दोपहिया वाहनों की अराजकता और मॉडिफाइड रेट्रो साइलेंसरों से पैदा हो रहा शोर थमने का नाम नहीं ले रहा है। देर रात तक तहसील रोड, स्टेशन रोड और माल रोड पर मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट से अचानक पटाखे जैसी विस्फोटक आवाजें निकालकर हुड़दंग मचाया जा रहा है। इससे स्थानीय निवासियों की नींद में खलल पड़ रहा है, बल्कि परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि देर रात अचानक होने वाले इस कानफोड़ू शोर से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और दिल के मरीजों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई युवा पुलिस गश्त हटते ही तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाते हुए ऐसे जानलेवा स्टंट और शोर मचाते हैं।
-.कोट
रेट्रो और मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर कानों को चुभने वाला शोर मचाने और पटाखे की आवाज निकालने वाले चालकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाएगा। तहसील रोड, स्टेशन रोड और माल रोड समेत संवेदनशील मार्गों पर देर रात पुलिस की विशेष चेकिंग लगाई जा रही है। नियम तोड़ने वाले वाहनों के तुरंत चालान करने के साथ ही उनके मॉडिफाइड साइलेंसरों को मौके पर ही सीज और जब्त किया जाएगा।
- जितेंद्र मेहरा, एसपी, बागेश्वर