बागेश्वर। कपकोट के जगथाना गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम शुक्रवार को लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए जाएगी। गलाघोंटू (डिप्थीरिया) की चेपट में आईं इस गांव की दो बच्चियों का एचटीएस हल्द्वानी में उपचार चल रहा है
कपकोट के जगथाना गांव निवासी आठ वर्षीय कृष्णा पुत्र प्रताप सिंह की गलाघोंटू (डिप्थीरिया) की चपेट में आने से सोमवार को मौत हो गई थी। कृष्णा की बहन तनुजा (4) और भूमिका (10) में भी इस बीमारी के लक्षण पाए जाने पर इन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया था। इन दोनाें का हल्द्वानी एसटीएच में इलाज चल रहा है। जिला चिकित्सालय में डिप्थीरिया का उचित इलाज नहीं होने केे कारण इन दोनों को मंगलवार को बागेश्वर जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया था। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एलएस टोलिया ने बताया कि डिप्थीरिया के इलाज के लिए पेनीसिलीन इंजेक्शन मंगाए गए हैं। इंजेक्शन आने के बाद लोगों को राहत मिलेगी। सीएमओ डॉ. बीडी जोशी ने बताया कि जगथाना गांव में लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शुक्रवार को स्वास्थ्य की टीम भेजने के निर्देश दे दिए हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट के डॉक्टरों को गांव में सर्वे कराने के लिए कहा गया है। सीएमएस को गांव में लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए डॉक्टरों की टीम भेजने को कहा गया है। संवाद