सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। कोसी में स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा में तोड़फोड़ और चोरी के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। बैंक प्रबंधक ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी।
इस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के अनुसार उसने आर्थिक तंगी से परेशान होकर चोरी का प्रयास करने की बात कबूली है।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया कोसी के प्रबंधक बिन्नी लखपाल ने सोमेश्वर थाने में दी तहरीर में बताया कि पांच जुलाई की रात बैंक शाखा में अज्ञात ने तोड़फोड़ और चोरी के प्रयास किए।
प्रबंधक की तहरीर पर थाने में अज्ञात के खिलाफ धारा 379/511/427 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। एसआई गोविंद सिंह मेहता मामले की विवेचना कर रहे थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ग्राम विसरा ज्योली निवासी हरीश सिंह मेहरा (27) को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में आर्थिक तंगी के कारण घटना को अंजाम देने का जुर्म कुबूला है। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
गैराज का शटर तोड़ने का प्रयास
कपकोट (बागेश्वर)। शिवालय वार्ड में ऑटोमोबाइल गैराज चलाने वाले नीरज जोशी बृहस्पतिवार सुबह जब गैराज पहुंचे तो शटर क्षतिग्रस्त मिला। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
गैराज स्वामी की शिकायत पर एसआई अविनाश मौर्य और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष मदन लाल ने बताया कि अराजक तत्वों ने शटर तोड़ने का प्रयास किया था लेकिन वह ताला नहीं तोड़ पाए।
इस कारण दुकान से चोरी नहीं हुई। सभासद तनुज तिरुवा ने पुलिस से बाजार में रात्रि गश्त बढ़ाने और अराजक तत्वों को खोजकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।