रोजगार की मांग को लेकर बागेश्वर के राधाकृष्ण मंदिर में प्रदर्शन करते प्रशिक्षित बेरोजगार। संवा?
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। लंबे समय से रोजगार की मांग कर रहे बीपीएड, एमपीएड प्रशिक्षित बेरोजगारों के सब्र का बांध टूटता नजर आ रहा है। रोजगार नहीं मिलने से आक्रोशित बेरोजगारों ने रविवार को सरकार की अनदेखी के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रशिक्षितों ने जल्द नियुक्ति न मिलने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन के सदस्यों ने राधाकृष्ण मंदिर में एकत्र होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रशिक्षितों ने कहा कि लंबे समय से वे रोजगार के लिए भटक रहे हैं लेकिन सरकार उनकी मांगों की ओर ध्यान नहीं दे रही है। उनका आरोप है कि शिक्षा निदेशालय में प्रशिक्षितों के धरने की सरकार अनदेखी कर रही है। बताया कि 16 और 17 मार्च को निदेशालय व सचिवालय का घेराव किया जाएगा, जिसे समर्थन देने के लिए बागेश्वर के प्रशिक्षित बेरोजगारों का एक दल 15 मार्च को देहरादून रवाना होगा।
इस दौरान हुई सभा में प्रशिक्षितों ने प्रत्येक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति करने और शासन स्तर पर गतिमान फाइल पर तत्काल प्रक्रिया प्रारंभ करने की मांग उठाई। प्रदर्शन करने वालों में अध्यक्ष भुवन पाठक, उपाध्यक्ष पुष्कर बाफिला, कोषाध्यक्ष पवन पांडा, संजय कोरंगा, यशपाल कोरंगा, गिरीश मिश्रा, खुशाल कोरंगा, राजेंद्र रौतेला आदि थे।