केमिस्ट एसोसिएशन जिलाध्यक्ष गोकुल जोशी से मारपीट के मामले में कार्रवाई न होने पर व्यापारियों में आक्रोश है। सोमवार को व्यापारियों ने सीओ कार्यालय का घेराव किया और एसबीआई तिराहे पर सांकेतिक चक्काजाम कर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
बागेश्वर जिले में बीते दिनों केमिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष गोकुल जोशी के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई न किए जाने से व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को आक्रोशित व्यापारियों ने सीओ कार्यालय पहुंचकर सीओ का घेराव किया और पुलिस की शिथिल कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।
विज्ञापन
व्यापार संघ के नगर अध्यक्ष सूरज जोशी के नेतृत्व में सीओ कार्यालय पहुंचे व्यापारियों ने कहा कि घटना को 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार करना तो दूर, उनके खिलाफ उचित कार्रवाई भी नहीं कर पाई है। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई नहीं हुई, तो वे चुप नहीं बैठेंगे और मामले को लेकर प्रदेश स्तर पर उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। सीओ से वार्ता के बाद भी असंतुष्ट व्यापारियों ने एसबीआई तिराहे पर पहुंचकर सांकेतिक चक्काजाम किया और प्रदर्शन कर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान महेश खेतवाल, नवीन साह, डब्बू मेहता, गिरीश बिष्ट, सूरज जोशी, देवेंद्र अधिकारी, हरीश सोनी, नरेंद्र खेतवाल, मदन हरड़िया, गोकुल जोशी और हर्ष मेहरा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
मामले में पुलिस की ओर से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। घटना से जुड़े हर पहलू के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। विवेचना और साक्ष्यों में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।-अजय साह, सीओ, बागेश्वर