कपकोट के भराड़ी बाजार में सड़क पर जाम लगाते व्यापारी।
- फोटो : अमर उजाला
भराड़ी बाजार में पिछले पांच दिन से कूड़ा न उठने से परेशान व्यापारियों ने रविवार को प्रदर्शन करते हुए बागेश्वर-पिंडारी मोटर मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसडीएम रवींद्र बिष्ट ने व्यापारियों को समझाकर यातायात सुचारु कराया।
भराड़ी बाजार में पिछले पांच दिन से कूड़ा नहीं उठ रहा है। बाजार में जगह-जगह लगे कूड़े ढेरों से आ रही दुर्गंध से लोग काफी परेशान हैं। क्षेत्र में बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। व्यापारी नगर पंचायत से कई बार कूड़ा उठाने की मांग कर चुके हैं। उनकी कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है। इससे आक्रोशित व्यापारियों ने रविवार को सुबह व्यापार मंडल भराड़ी के अध्यक्ष शेर सिंह ऐठानी के नेतृत्व में नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने भराड़ी बाजार में बागेश्वर-पिंडारी मोटर मार्ग पर जाम लगा दिया। एक घंटे तक लगे जाम से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि नगर पंचायत की उदासीनता से बाजार में गत पांच दिन से न तो सफाई की गई है और न ही कूड़ा ही उठाया जा रहा है। गंदगी से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत ने कूड़ा शीघ्र नहीं उठाया तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
सूचना मिलने पर एसडीएम रवींद्र बिष्ट मौके पर पहुुंच गए। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले खाईबगड़ स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में कुछ लोगों द्वारा कूूड़ा डालने का विरोध किया जा रहा है। इससे सफाई कर्मी कूड़ा नहीं उठा पा रहे हैं। कहा कि ट्रंचिंग ग्राउंउ का कूड़ा इधर न फैले इसके लिए वहां पर दीवार बनवाई जा रही है। एसडीएम ने बताया कि ट्रंचिंग ग्राउंउ के निर्माण के लिए 1.93 करोड़ रुपये की डीपीआर शासन को भेजी गई है। बजट मिलते ही ट्रंचिंग ग्राउंड का निर्माण शुरू किया जाएगा। एसडीएम ने कहा कि कूड़ा जहां डाला जा रहा है वहीं डाला डाला जाएगा। एसडीएम के आश्वासन से संतुष्ट होकर व्यापारियों ने जाम खोल दिया। जाम लगाने वालों में जगत ऐठानी, मदन गढ़िया, बलवंत कोरंगा, नवीन शाही, नयन सिंह, मोहित राठौर, खीम सिंह, नंदन ऐठानी आदि शामिल थे।