बागेश्वर। दुर्गम क्षेत्र बदियाकोट में ग्रामीणों और पशुपालकों की राह आसान होने वाली है। लोनिवि कपकोट ने तिरमुल्याधार से पौणीधार तक ट्रैक रूट के अवशेष भाग के निर्माण की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग की ओर से जिला योजना मद के अंतर्गत छह लाख रुपये से होने वाले इस कार्य के लिए निविदाएं आमंत्रित कर दी गई हैं।
तिरमुल्याधार से पौणीधार का यह मार्ग स्थानीय ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण है। ट्रैक रूट का कुछ हिस्सा अधूरा होने से आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बरसात और बर्फबारी के समय यह रास्ता जोखिम भरा हो जाता था। क्षेत्र में कई बार बाहरी पर्यअकों की भी आवाजाही रहती है, मार्ग खस्ताहाल होने से उन्हें भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अब अवशेष निर्माण कार्य पूरा होने से न केवल ग्रामीणों को पैदल आवाजाही में सुविधा होगी, बल्कि अपने मवेशियों के साथ बुग्यालों की ओर जाने वाले पशुपालकों का सफर भी सुरक्षित हो सकेगा।
........कोट
बदियाकोट क्षेत्र के तिरमुल्याधार से पौणीधार तक ट्रैक रूट के अवशेष निर्माण के लिए छह लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है। विभाग की ओर से निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हमारी प्राथमिकता है कि निविदा प्रक्रिया पूर्ण होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाए, ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द सुगम और सुरक्षित मार्ग की सुविधा मिल सके। - अमित कुमार पटेल, ईई, लोनिवि कपकोट