कपकोट में चीड़ के स्लीपरों के साथ गिरफ्तार आरोपी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
कपकोट (बागेश्वर)। कपकोट पुलिस ने चीड़ के 39 स्लीपरों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। लकड़ी तस्करी में प्रयुक्त पिकप वाहन को जब्त किया गया है।
कपकोट पुलिस के एसआई अकरम अहमद, कांस्टेबल पवन कुमार, प्रेम नाथ आदि ने बृहस्पतिवार को मुखबिर की सूचना के आधार पर पांगड़ के पास वाहन चेकिंग की। इस दौरान पिकप 407 नंबर यूके 02/0677 की तलाशी ली गई तो उसमें चीड़ की लकड़ी के 39 स्लीपर मिले। पुलिस ने वाहन चालक और उसके साथी से पूछताछ की। दोनों चीड़ के स्लीपरों की खरीद संबंधी कागजात नहीं दिखा पाए। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह लोग जंगल से लकड़ियां चुराकर बाजार में ऊंचे दामों पर बेचते हैं। इन स्लीपरों को भी बेचने के लिए बाजार में ले जा रहे थे। पुलिस ने अवैध लकड़ियों के साथ पकड़े गए ग्राम रैंथल निवासी दिनेश सिंह और लक्ष्मण सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 379/411 और 26 वन अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर धारा 207 एमवी एक्ट के तहत वाहन को भी जब्त किया गया है।