कांडा तहसील के विजय की मनोरम पहाड़ी पर स्थित श्री श्री 1008 धौलीनाग देवता के मंदिर में आयोजित क्षेत्र का सुप्रसिद्ध पंचमी का मेला का श्री भगवान को खीर का भोग लगने के साथ ही संपन्न हो गया। मंगलवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने किया। कलाकारों ने तिलगा तेरि लंबि लटि... समेत कई अन्य मनभावन कार्यक्रम पेशकर सभी का मन मोह लिया।
मंदिर में सोमवार को विधि विधान से श्री श्री 1008 धौलीनाग भगवान की पूजा शुरू हुई जो मंगलवार की शाम को श्री भगवान को खीर का भोग लगने के साथ संपन्न हुआ। मंदिर में कांडा कमस्यार क्षेत्र के अलावा जिले के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्ष ऐठानी ने कहा कि मेले मिलाप के प्रतीक होते हैं। भावी पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपरा समझने का अवसर मिलता है। मेले को भव्य रूप देेने के पूरे प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने फील्ड निर्माण कराने की घोषणा की। कलाकारों ने अपने कार्यक्रमों की शुरुआत जै बोला भगोती नंदा... गाकर किया।
उन्होंने तिलगा तेरि लंबि लटि..., हौंसिया पराण..., यो डाना को पारा..., बेड़ू पाको बारो मासा... समेत कई मनभावन गीतों का गायन किया। कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र धपोला, अजय चंदोला ने किया। वहां पूर्व विधायक उम्मेद सिंह माजिला, ब्लॉक प्रमुख रेखा खेतवाल, नगर पालिकाध्यक्ष गीता रावल, जिला पंचायत सदस्य गोपाल राम, प्रधान गणेश धपोला, दीप कांडपाल, शेर सिंह धपोला, अर्जुन भट्ट, हरीश मेहरा आदि थे। मेलार्थियों में मेले के दौरान सजी दुकानों से जमकर खरीदारी की। मंदिर में रातभर भजनों का गायन हुुआ। ढोल, नगाड़ों, बुखौर, शंख, घंटियों की गूंज पर कई बार आरती हुई।