बागेश्वर जिले के कपकोट पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में लंबे समय से फरार चल रहे थे। उन्हें अदालत से गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद गिरफ्तार किया गया।
आरोपी ललित कठायत उर्फ लक्की (20) निवासी पालीडुंगरा, तनुज गड़िया उर्फ तारा (20) निवासी लीली और ललित भाकुनी (26) निवासी द्वारसों आपस में गिरोह बनाकर आर्थिक लाभ के लिए आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। मामले में बीते 10 जुलाई को थाना कपकोट में तीनों के खिलाफ गिरोह और समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम और बीएनएस की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी जिसके बाद से तीनों आरोपी फरार चल रहे थे। रविवार को पुलिस और एसओजी की टीम ने कपकोट-भराड़ी रोड पर बिट्टू गैराज के पास घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
जिले में संगठित अपराध, अवैध धनोपार्जन और असामाजिक गतिविधियों में लिप्त अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। शांति और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। -जितेंद्र मेहरा,एसपी, बागेश्वर