जिले के अलग-अलग स्थानों में हुई तीन घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए। तीनों को जिला अस्पताल में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। शनिवार सुबह कठायतबाड़ा निवासी देवेंद्र राम की पत्नी बसंती (32) वर्ष बैलों को लेकर खेत में जा रही थी। रास्ते में किसी ने उसके खेत के पास शराब पीकर बोतल फोड़ रखी थी। इस पर महिला ने गालीगलौज शुरू कर दी।
पड़ोसी ने महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह शांत नहीं हुई। इसी बात पर कहासुनी के दौरान पड़ोसी ने महिला के सिर पर लाठी से वार कर दिया। घटना में महिला घायल हो गई। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी। पुलिस के अनुसार मामले में किसी ने भी रिपोर्ट नहीं लिखाई है।
दूसरी घटना में शुक्रवार देर शाम बहुली निवासी कमलेश सिंह (28) पुत्र प्रेम सिंह अपनी बाइक से गरुड़ सड़क से होकर नगर से अपने घर जा रहे थे। अचानक बाइक सड़क पर रपटने से वह चोटिल हो गए। जिला अस्पताल में इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी है। इसी तरह तीसरी घटना कांडा क्षेत्र की है।
शुक्रवार देर शाम कांडा निवासी चंचल सिंह (53) देवेंद्र सिंह बाजार से अपने घर जा रहे थे। रास्ते में घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। साथ में चल रहे लोगों के होहल्ला करने पर तेंदुआ वहां से भाग निकला। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लाए। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी है।