जिले में मूसलाधार बारिश जारी है। बारिश से तीन मकान क्षतिग्रस्त, जबकि मलबा आने से चार मोटर मार्ग बंद हो गए हैं। लगातार बारिश होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बृहस्पतिवार की शाम से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। शुक्रवार की रात जिले भर में मूसलाधार बारिश हुई। बारिश से सिमकुना गांव निवासी केदार राम पुत्र अन राम और धीरज जोशी पुत्र भवानी दत्त के मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
जबकि, हवनतोली गांव निवासी गिरीश चंद्र पुत्र तारादत्त का मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। बारिश से कौसानी-भतेड़िया, बिलौना-पगना, बालीघाट-दोफाड़-धरमघर और आरे-द्यांगण मोटर मार्ग मलबा आने से बंद हो गए। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि मलबा हटाने के लिए जेसीबी तैनात की गई हैं। बंद सड़कों को खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इधर, लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार हो रही बारिश से शुक्रवार को भी बागेश्वर में रामलीला का शुभारंभ नहीं हो सका। शनिवार को भी दिन भर मूसलाधार बारिश जारी रही। लगातार हो रही बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में धान और मडुवे की खड़ी फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। इससे किसान चिंतित हैं।
कहां कितनी बारिश हुई
बागेश्वर : 42 एमएम
गरुड़ : 35 एमएम
कपकोट : 30 एमएम
छुट्टी की घोषणा देर से स्कूल पहुंचे बच्चे
शनिवार को सुबह से ही मूसलाधार बारिश जारी रही। खराब मौसम को देखते हुए डीएम रंजना ने कक्षा एक से 12वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया। शनिवार की सुबह जारी निर्देशों की जानकारी नहीं मिलने के कारण कई बच्चे स्कूल पहुंच गए थे।
बारिश से धान और दलहनी फसल को क्षति
गरुड़ (बागेश्वर)। लगातार बारिश होने से धान और दलहनी फसलों को नुकसान हुआ है। मनाखेत में एक मकान को क्षति पहुंची है। कत्यूर घाटी क्षेत्र में शुक्रवार को हल्की बारिश हुई थी, लेकिन शनिवार तड़के से तेज बारिश के चलते सिंचित और असिंचित इलाकों में फसलों को नुकसान पहुंचा। इधर, विकास खंड कृषि प्रभारी धन राम आर्या ने बताया कि बारिश से धान की फसल को फिलहाल मामूली क्षति पहुंची है।
उन्होंने बताया कि फसल कटने तक ओलावृष्टि न हो तो इस बार विकास खंड के अंतर्गत धान का रिकार्ड उत्पादन होगा। इसके अलावा बारिश के चलते अणां लोहारचौरा मोटर मार्ग पर अणां से आगे यातायात बंद रहा। बारिश से निर्माणाधीन गागरीगोल नरग्वाड़ी, आगर मटे, लोहागढ़ी, फल्याटी ढोलगांव मोटर मार्ग पर जगह-जगह पर मलबा आने से यातायात दिनभर बंद रहा। प्रांतीय खंड लोनिवि के ईई आरके पुनेठा ने बताया कि मलबा हटाने के लिए विभाग ने जेसीबी भेज दी गई है।
बारिश के चलते गरुड़, कौसानी, बैजनाथ, डंगोली, सिरकोट, वज्यूला, गागरीगोल आदि बाजारों में दिनभर सन्नाटा रहा। कानूनगो त्रिभुवन सिंह बोरा ने बताया कि बारिश से मनाखेत निवासी ललित मोहन सिंह के मकान को क्षति पहुंची है। वहीं, तेज बारिश से गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने पर सिंचाई विभाग ने बैजनाथ बैराज के सभी गेट खोल दिए हैं। एसडीएम सुंदर सिंह ने लोगों से ऐहतियातन नदियों के आसपास न जाने को कहा है।