मलबा और पेड़ गिरने से बंद बागेश्वर-मालता मोटर मार्ग।
- फोटो : amar ujala
मूसलाधार बारिश से बागेश्वर में जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। जिले के अलग-अलग गांवों में तीन मकान ध्वस्त हो गए, जबकि भारी मात्रा में मलबा आने और चट्टानें खिसकने से 10 मोटर मार्ग बंद हो गए।
शुक्रवार करीब नौ बजे से शुरू हुई मूसलाधार बारिश शाम करीब चार बजे तक जारी रहा। बारिश से मलसूना गांव में भूपाल सिंह राठौर पुत्र करम सिंह राठौर का मकान ध्वस्त हो गया। छत से गिरे मलबे से घर में रखा अनाज व अन्य सामान बरबाद हो गया।
भयूं घुरोनी में राम गिरी पुत्र खीम गिरी और मिकिलाखलपट्टा में कृृपाल सिंह पुत्र अमर सिंह का मकान क्षतिग्रस्त हो गया। बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए। मलबा आने और चट्टानें खिसकने से दुगनाकुरी-बनलेख सड़क में पेड़ गिर गए, बागेश्वर-गिरेछीना, ढालन-खुनौली, कपकोट-कर्मी, सामा-लीती, कपकोट-पोलिंग, कपकोट-पोथिंग सहित अन्य जिला मार्ग मलबा आने से बंद हो गए।
बागेश्वर-कांडा सड़क में कटी सड़क का मलबा आने से एनएच करीब चार घंटे तक बंद रहा। बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग भी बोल्डर गिरने से अभी तक नहीं खुल पाया है। कौसानी-भतेड़िया सड़क अभी भी बंद पड़ी है।