कांडा (बागेश्वर)। राजकीय इंटर कॉलेज सानिउडियार के खेल मैदान में तीन दिवसीय भद्रकाली महोत्सव जाण-पछ्याण का आगाज हो गया है। मुख्य अतिथि विधायक सुरेश गढि़या ने महोत्सव के आयोजन के लिए डेढ़ लाख रुपये देने की घोषणा की। भद्रकाली मंदिर को मानसखंड मंदिर श्रृंखला से जोड़ने का प्रयास करने की बात कही।
रविवार सुबह क्षेत्र के विभिन्न गांवों की महिलाओं ने भद्रकाली मंदिर से महोत्सव स्थल तक पारंपरिक परिधान में भव्य कलश यात्रा निकाली। इस दौरान पूरा क्षेत्र मां भद्रकाली के जयकारों से गुंजायमान रहा। मुख्य अतिथि विधायक गढि़या, विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख दीपा देवी और जिपं सदस्य सरोज आर्या ने दीप जलाकर विधिवत महोत्सव का शुभारंभ किया। अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले इन आयोजनों के माध्यम से लोक कला और संस्कृति को सहेजने में मदद मिलती है।
स्थानीय कलाकारों को भी मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है। सांस्कृतिक मंच से विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। महोत्सव समिति के अध्यक्ष केवलानंद पांडेय ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि लोक कलाकार और सांस्कृतिक दलों के सदस्य भी महोत्सव में मुख्य मंच से अपने कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इस मौके पर हीरा सिंह कर्म्याल, निर्मल साह, सतीश कुमार, नरेंद्र राठौर, कुंदन धामी, दरपान सिंह, राजेंद्र सिंह, हीरा बल्लभ, होशियार धामी, अजय चंदोला आदि मौजूद रहे।