राहगीरों के लिए खतरा बनी तहसील की बाउंड्री वॉल की अभी तक सुध नहीं ली गई है। एक ओर को झुक चुकी इस बाउंड्री वॉल से लगातार पत्थर गिरने के कारण हादसे का खतरा बना हुआ है।
तहसील रोड से मजियाखेत को जाने वाले मुख्य मार्ग से लगी बागेश्वर तहसील की बाउंड्री वॉल पिछले साल बरसात में क्षतिग्रस्त हो गई थी। दीवार का सुधार नहीं होने से यह दीवार एक ओर को झुक गई है। दीवार से पत्थर मार्ग में गिरते जा रहे हैं। इस मार्ग से दिन में लोगों की आवाजाही बनी रहती है। स्कूली बच्चे भी इसी मार्ग से आते-जाते हैं। दीवार के मार्ग की ओर झुकने से किसी भी राहगीर के लिए खतरा पैदा हो सकता है। क्षेत्रवासी कई बार तहसील प्रशासन से खतरा बनी बाउंड्री वॉल के सुधार की मांग कर चुके हैं परंतु अभी तक इसका सुधार नहीं किया गया है। ऐसे में कभी भी किसी राहगीर के साथ गंभीर हादसा हो सकता है। लोगों ने तहसील प्रशासन से खतरा बनी बाउंड्री वॉल का सुधार करने की मांग की है।