बागेश्वर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शासन ने एक नई पहल की है। अब सड़क सुरक्षा उत्कृष्टता पुरस्कार के माध्यम से उन नागरिकों, संस्थाओं और विभागीय कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा जो सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में कार्य करेंगे। इसके लिए परिवहन विभाग ने मानक प्रचालन प्रक्रिया जारी कर दी है।
परिवहन विभाग की ओर से जारी एसओपी के अनुसार यह पुरस्कार वार्षिक आधार पर प्रदान किए जाएंगे। चयनित विजेताओं को राज्य स्तर पर निर्धारित नकद धनराशि, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कारों के लिए शासन ने तीन मुख्य श्रेणियां निर्धारित की हैं। व्यक्तिगत श्रेणी में कोई भी आम नागरिक और सरकारी विभागों के कर्मचारी जिन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए विशिष्ट कार्य किया हो। संस्थागत श्रेणी में सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में सक्रिय एनजीओ, स्वैच्छिक संस्थाएं और पंजीकृत सोसायटियां। विभागीय श्रेणी में परिवहन, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा और लोनिवि जैसे विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।