मेरे बुजुर्ग मेरे तीर्थ योजना के तहत पर्यटन विभाग में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस साल भी जिले के 625 बुजुर्ग बद्रीनाथ और गंगोत्री की यात्रा पर जा सकेंगे। इसके लिए बुजुर्गों को पर्यटन कार्यालय में पहचान पत्र और मेडिकल रिपोर्ट उपलब्ध करानी होगी।
बता दें कि मेरे बुजुर्ग मेरे तीर्थ योजना के तहत 65 वर्ष से अधिक की उम्र वाले बुजुर्गों को बद्रीनाथ या गंगोत्री की मुफ्त में यात्रा कराई जाती है। पिछले वर्ष जिले में 625 बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा कराने का लक्ष्य रखा गया था। इसके सापेक्ष जिले के 631 बुजुर्गों ने योजना का लाभ उठाया। इस वर्ष भी 625 बुजुर्गों को योजना के तहत बद्रीनाथ या गंगोत्री की यात्रा कराई जाएगी।
मंगलवार को भी कई महिलाओं ने पर्यटन विभाग पहुंचकर आवेदन जमा किए। जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट ने बताया कि जिले के लिए तीर्थ यात्रा के लिए रविवार और सोमवार निर्धारित किए गए हैं। रविवार को गंगोत्री और सोमवार को बद्रीनाथ की यात्रा पर बुजुर्ग यात्रियों को भेजा जाता है।
उन्होंने बताया कि तीर्थ यात्रा पर जाने वाले बुजुर्गों को आवेदन पत्र के साथ पहचान पत्र और मेडिकल फिट होने की रिपोर्ट लगानी होती है। सिख बुजुर्गों के लिए भी यह यात्रा संचालित की गई है। सिख यात्री नानकमत्ता और रीठासाहिब के लिए आवेदन कर सकते हैं।