प्राइमरी स्कूल छानी में चोरों द्वारा तोड़ी गई अल्मारी।
- फोटो : अमर उजाला
चोरों ने कविवर सुमित्रा नंदन पंत राजकीय प्राथमिक विद्यालय छानी का दरवाजा और खिड़की तोड़कर वहां रखी शिक्षण सामग्री चुरा ली। चोरों ने अल्मारी में रखे बच्चों के शिक्षण अभिलेख फाड़ दिए, इतना ही नहीं वह आंगनबाड़ी में पंजीकृत नौनिहालों के खिलौने भी उड़ा ले गए। शिक्षा के मंदिर में हुई चोरी की इस घटना से क्षेत्र के लोगों में गुस्सा है। उन्होंने पुलिस से चोरों का शीघ्र पता लगाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार प्राथमिक विद्यालय छानी में 23 से 25 नवंबर तक अवकाश था। इस दौरान चोरों ने स्कूल का दरवाजा और खिड़की तोड़कर वहां रखी शिक्षण सामग्री चुरा ली। सोमवार को पाठशाला खुलने पर शिक्षकों ने कमरे के भीतर देखा तो गणित, विज्ञान किट सहायक समेत अन्य सामग्री गायब थी। चोरों ने अल्मारी का ताला तोड़कर वहां रखे अभिलेखों को फाड़ा हुआ था। वहां रखे आंगनबाड़ी में पंजीकृत नौनिहालों के खिलौने भी साफ किए हुए थे।
क्षेत्रवासियों ने शिक्षा के मंदिर में हुई इस घटना की निंदा की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से चोरों का पकड़ने की मांग की है। मांग करने वालों में पीटीए अध्यक्ष रीता देवी, मुन्नी देवी, प्रेमा राणा, लीला देवी, नेहा बिष्ट, दीपा देेवी और नीमा देवी आदि शामिल हैं। प्रधानाध्यापिका हेमा खर्कवाल ने बताया कि घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी है।