बागेश्वर/काफलीगैर। मानसून काल की शुरुआत से ही बिजली लोगों को रुलाने लगी है। रविवार को जिला मुख्यालय से लेकर दुगनाकुरी क्षेत्र की बिजली चार घंटे से अधिक समय तक तक गुल रही। उमस भरी गर्मी के बीच बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जिला मुख्यालय में दो बजे सप्लाई बाधित ह.ो गई थी। विकास भवन में लाइन पर पेड़ गिरने के कारण चौरासी, तहसील रोड, कठायतबाड़ा, बाजार आदि में बिजली गुल हो गई थी। भीषण गर्मी के बीच बिजली गुल होने के कारण लोगों को दिक्कत हुई। काफलीगैर के बिजली घर में दोपहर बाद ब्रेकर जलने से क्षेत्र के कई गांवों की बिजली गुल हो गई थी। एसडीओ आनंद खोलिया ने बताया कि नगर और काफलीगैर क्षेत्र में शाम को बिजली सुचारु करा दी गई है। दुगनाकुरी तहसील क्षेत्र की बिजली भी दो बजे से गुल होने के कारण 35 गांवों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आटा चक्की आदि छोटे उद्योगों का कामकाज प्रभावित हुआ। व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ा। एसडीओ एसएस भंडारी ने बताया कि विजयपुर से बनलेख को जोड़ने वाली बिजली लाइन में खराबी आने से दिक्कत हो रही है। कमेड़ीदेवी वाली लाइन से दुगनाकुरी क्षेत्र को सप्लाई सुचारू कर दी गई है। संवाद