बागेश्वर। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक ली। उन्होंने विभिन्न विभागों से संचालित हो रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। सड़क महकमे के अधिकारियों को निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।
विकास भवन सभागार में हुई बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री टम्टा ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लंबित पुलों की जानकारी ली। विभाग ने बताया कि ब्रिडकुल से पिंडारी ग्लेशियर मोटरमार्ग से मिखिलाखलपट्टा मोटरमार्ग पर निर्माणाधीन पुल का टॉप लेयर का कार्य होना है। मंत्री टम्टा ने आपदा प्रभावित कलमठ और सड़कों का विस्तृत अनुमान प्रस्तुत करने को कहा। सभी इंजीनियरिंग सेवाओं को ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण लाने के निर्देश दिए। उन्होंने एआरटीओ से भी सड़क सुरक्षा के लिए अभियान चलाने को कहा। यूपीसीएल को आपदा से प्रभावित पिटकुल 32 केवी सेवा केंद्र की स्थिति और वैकल्पिक व्यवस्थाओं का विवरण देने को कहा।
बीएसएनएल सभी मोबाइल टावरों की कार्यप्रणाली पर रिपोर्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पतालों में रिसाव की समस्या का स्थायी समाधान निकालने और जन औषधि केंद्रों में सभी दवाओं की उपलब्धता बनाने को कहा। लीड बैंक अधिकारी को बिना प्राधिकृत नक्शे पास कराए गए मकानों को लोन नहीं देने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री सूर्य गृह योजना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मिशन मोड पर कार्य करने को कहा। जिला खेल अधिकारी को सांसद खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। डीएम आशीष भाटगांई ने जिले में चल रहे सेवा पखवाड़ा की जानकारी दी। बताया कि 108 एम्बुलेंस सेवाओं में सुधार के लिए शासन से निरंतर समन्वय बनाया जा रहा है।
इनसेट
इन विभागों के कार्यों की हुई समीक्षा
दिशा की बैठक में लोनिवि, पीएमजीएसवाई, यूपीसीएल, एनएचएम, जल जीवन मिशन, बीएसएनएल, कृषि विभाग, मध्याह्न भोजन योजना, जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, आईसीडीएस, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, मनरेगा, दीनदयाल अंत्योदय योजना, एनआरएलएम, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, राष्ट्रीय ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क आदि के कार्यों की समीक्षा की गई।
इनकी रही मौजूदगी
बैठक में जिपं अध्यक्ष शोभा आर्या, विधायक पार्वती दास, पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गढ़िया, ब्लॉक प्रमुख दीपा देवी, भावना शाही, किशन सिंह बोरा, पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल, नपं अध्यक्ष गीता ऐठानी, भावना वर्मा, पूर्व जिपं अध्यक्ष बसंती देव, डीएफओ आदित्य रत्ना, सीडीओ आरसी तिवारी, सीएमओ डॉ. कुमार आदित्य तिवारी, पीडी शिल्पी पंत समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।