धारी में विरोध प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
धारी गांव के ग्रामीण कालीगाड़ गधेरे से रावतसेरा के लिए नई पेयजल लाइन बनाने से भड़क गए हैं। गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन करने के साथ-साथ निर्माण कार्य बंद करा दिया। ग्रामीणों ने कहा कि गधेरे से पहले से ही तीन लाइनें बनी हैं। चौथी लाइन बनाने से गांव और राउमावि उडेरिया की लाइनें प्रभावित हो जाएंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गधेरे से जबरदस्ती पानी ले जाने प्रयास किया गया तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा।
कांडा तहसील में पड़ने वाले ग्राम पंचायत धारी के ग्रामीण बृहस्पतिवार को नारेबाजी करते हुए कालीगाड़ गधेरे के पास जमा हो गए। उन्होंने प्रदर्शन कर निर्माण कार्य बंद करा दिया। ग्रामीणों ने कहा कि गधेरे से डोबरगाड़ा, सिलिंग्या, बग्जीबाली गांव के अलावा राउमावि उडेरिया के लिए पीने के पानी की लाइन बनी है। गधेरे में पानी पहले से ही कम है। अब रावतसेरा के लिए एक और नई पानी की लाइन का निर्माण किया जा रहा है। इससे तीनों लाइनों से लोगों को पानी काफी कम मिलेेगा।
लाइनों के प्रभावित होने से खास तौर पर गर्मी के दिनों ग्रामीणों को कई परेशानियां झेलनी पड़ेंगी। नजदीक में पानी के अन्य स्रोत नहीं होने से ग्रामीणों के साथ ही मवेशियों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। कहा कि चोरी छिपे बनाई जा रही लाइन का निर्माण वह किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे। उन्होंने प्रशासन जल निगम को पेयजल लाइन न बनाने के लिए निर्देशित करने की मांग की। कहा कि जोर जबरदस्ती करने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। ग्राम प्रधान जानकी देवी के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन करने वालों में कै. हरीश धपोला समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे।