बागेश्वर। तुपेड़ के डाकखाने में खाताधारकों की पासबुक में हेरफेर के मामले को जिला पंचायत उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल डीएम के सामने उठाएंगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही वह ग्रामीणों को साथ लेकर डीएम के पास जाएंगी और मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करेंगी।
विगत सोमवार को तुपेड़ क्षेत्र के ग्रामीणों ने जिपं उपाध्यक्ष खेतवाल और सामाजिक कार्यकर्ता दीपक खेतवाल को अपनी परेशानी बताई थी। खेतवाल ने बताया कि ग्रामीणों के खातों से हेराफेरी हुई है। हालांकि डाक विभाग के अधिकारी इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। कहा कि अगर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी तो सात-आठ लाख से अधिक के गबन का मामला सामने आएगा। कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की मांग के लिए जल्द प्रभावितों को साथ लेकर डीएम को पत्र दिया जाएगा। संवाद